Punjab: जहां देश भर में युवा वेलेंटाइन वीक मना रहे हैं, वहीं पंजाब के तरनतारन से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. जिले के एक लॉ कॉलेज में सोमवार को एकतरफा प्यार के जुनून ने खूनी खेल खेला. एक छात्र ने अपनी ही क्लासमेट की क्लासरूम के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद उसी पिस्तौल से खुद को भी मौत के घाट उतार लिया.
शादी से इनकार बना कत्ल की वजह
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान प्रिंस राज सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी क्लासमेट संदीप कौर उम्र 20 से एकतरफा प्यार करता था. बताया जा रहा है कि रविवार, 8 फरवरी को प्रिंस ने संदीप के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे छात्रा ने साफ तौर पर ठुकरा दिया. इसी इनकार से प्रिंस आक्रोश में था और बदला लेने की फिराक में कॉलेज पहुंचा.
क्लासरूम में सहेली के सामने मारी गोली
सोमवार की सुबह जब संदीप कौर अपनी एक सहेली के साथ क्लासरूम में बैठी थी, तभी प्रिंस वहां पहुंचा. दोनों के बीच तीखी बहस हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रिंस ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और संदीप के माथे पर सटाकर गोली चला दी. संदीप की मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद, प्रिंस ने बिना देर किए पिस्तौल अपनी कनपटी पर रखी और खुद को भी गोली मार ली.
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
यह पूरी घटना कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का मुख्य हिस्सा है. गोली चलने की आवाज से पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज को सील कर दिया गया. प्रिंस को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संदीप की मां, हरजिंदर सिंह कौर ने बिलखते हुए बताया कि उन्हें शुरू में सिर्फ बेटी के घायल होने की सूचना दी गई थी. लेकिन जब वह कॉलेज पहुंचीं, तो वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. पुलिस अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला एकतरफा प्यार और शादी से इनकार का ही लग रहा है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि छात्र के पास अवैध हथियार कहां से आया. यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि ना को स्वीकार न कर पाने की मानसिकता किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है.