Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-08

Jamtara News: जामताड़ा में सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू, बिजली गुल होने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घंटों जाम रही मुख्य सड़क

Jamtara: जामताड़ा थाना क्षेत्र के झड़नापाड़ा–मिहिजाम बाईपास पर रविवार को हुए एक गंभीर सड़क हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस जाने से जहां तीन लोग घायल हो गए, वहीं दुर्घटना के दौरान बिजली का पोल टूटने से आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

वाहनों की लंबी कतारें लगी 
घटना के बाद बिजली बहाल नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने झड़नापाड़ा के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया। यह जाम करीब चार से पांच घंटे तक जारी रहा, जिससे जामताड़ा–मिहिजाम मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क जाम के कारण एम्बुलेंस, यात्री बसें, निजी वाहन और मालवाहक ट्रक फंसे रहे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दोपहर करीब 12 बजे से बिजली विभाग दी सूचना 
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली का पोल टूटने के तुरंत बाद उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे से बिजली विभाग को लगातार सूचना दी, लेकिन देर शाम तक न तो कोई अधिकारी और न ही कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तब तक सड़क से जाम नहीं हटाया जाएगा।

दुर्घटनाग्रस्त कार देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रही थी 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रही थी और जामताड़ा बाईपास होते हुए आसनसोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान झड़नापाड़ा के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और मकान दोनों को भारी क्षति पहुंची।

जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया। मौके पर मौजूद एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक साइकिल सवार समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घर में अचानक घुसी कार 
मकान मालिक पीतांबर बास्की ने बताया कि कार अचानक उनके घर में घुस गई, जिससे घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही बिजली का पोल टूटने के कारण पूरे इलाके में अंधेरा छा गया है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

पुलिस बल मौके पर तैनात
फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है और प्रशासन तथा बिजली विभाग से समन्वय बनाकर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि देर शाम तक न तो बिजली बहाल हो सकी थी और न ही सड़क जाम पूरी तरह हटाया जा सका, जिससे क्षेत्र में तनाव बना रहा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !