Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-06

Bihar News: वैशाली में बड़ी पुलिस कार्रवाई, कुख्यात सोना लुटेरा प्रिंस एनकाउंटर में ढेर, एक सहयोगी गिरफ्तार

Bihar: वैशाली जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात सोना लुटेरा और शार्प शूटर प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया है, जबकि उसके एक साथी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मुठभेड़ सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी स्थित हनुमान नगर इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार, प्रिंस लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट समेत करीब 40 से अधिक संगीन मामले दर्ज थे। वह बिहार के सबसे बड़े सोना लूट गिरोह के सरगना सुबोध सिंह का बेहद करीबी और गिरोह का मुख्य शूटर माना जाता था।


आरोपित ने पुलिस पर की फायरिंग
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी प्रिंस हनुमान नगर के एक घर में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और वैशाली पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान
घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना गांव का रहने वाला था।


सहयोगी को पुलिस ने मौके से किया गिरफ्तार 
एसपी ने बताया कि प्रिंस के साथ मौजूद उसके एक अन्य सहयोगी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है। घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रिंस कई वर्षों से पुलिस के लिए बना सिरदर्द
बता दें कि प्रिंस कई वर्षों से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। वर्ष 2018 में हाजीपुर कोर्ट परिसर में एक पुलिसकर्मी की हत्या के बाद वह फरार हो गया था। बाद में उसकी गिरफ्तारी हुई और उसे बेउर जेल भेजा गया, लेकिन 2 सितंबर को इलाज के बहाने पीएमसीएच लाया गया, जहां से वह फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। बताया जाता है कि उसने आठ पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी दी और सभी को एक कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया था। तभी से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।

देश के कई हिस्सों में करोड़ों रुपये के लूटकांड को दिया अंजाम 
प्रिंस और सुबोध सिंह के गिरोह पर देश के कई हिस्सों में करोड़ों रुपये के सोना लूट कांड को अंजाम देने का आरोप है। गिरोह ने वर्ष 2017 में आसनसोल से 56 किलो सोना, 2019 में हाजीपुर से 55 किलो सोना, 2022 में राजस्थान के उदयपुर से 24 किलो, मध्य प्रदेश के कटनी से 16 किलो और 2023 में देहरादून से 18 किलो सोने की लूट की थी। इसके अलावा भी प्रिंस के खिलाफ लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के कम से कम 28 मामले दर्ज थे।

पुलिस का कहना है कि इस एनकाउंटर के बाद सोना लूट गिरोह को बड़ा झटका लगा है और आगे भी गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !