Hazaribagh: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाह पंचायत के कबिलाश जंगल क्षेत्र में वन विभाग और चौपारण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
करीब 10 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती नष्ट
अभियान के दौरान दुर्गम और जंगल से घिरे विभिन्न इलाकों में करीब 10 एकड़ से अधिक भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम की खेती को चिन्हित किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को नष्ट कर दिया, जिससे मादक पदार्थों की अवैध खेती करने वालों को बड़ा झटका लगा है।
6 डिलीवरी पाइप भी बरामद
कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से अफीम की खेती में उपयोग किए जा रहे 6 डिलीवरी पाइप भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान के लिए नाम और पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खेती पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध खेती पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है, जिससे ऐसे इलाकों को चिन्हित कर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कानून का उल्लंघन करना बख्शा नहीं जाएगा
अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाए जाते रहेंगे। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।