Municipal Elections: नगर निकाय चुनाव की तस्वीर अब साफ होती नजर आ रही है. नामांकन की प्रक्रिया पूरी होते ही मानगो और जुगसलाई के वार्डों में मुकाबले की रेखाएं खिंच गई हैं. सैकड़ों उम्मीदवारों के उतरने से दोनों क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
मानगो में सबसे ज्यादा नामांकन
मानगो नगर निगम के 36 वार्डों के लिए कुल 227 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है. बुधवार को अकेले 182 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा, जिससे अंतिम दिन माहौल काफी व्यस्त रहा. पहले पांच वार्डों में 45, वार्ड 6 से 10 तक 47, वार्ड 11 से 15 तक 36, वार्ड 16 से 20 तक 32 और वार्ड 21 से 25 तक 26 प्रत्याशी मैदान में हैं.
वार्ड 26 से 30 तक 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है. वहीं वार्ड 31 से 36 तक सबसे अधिक 50 प्रत्याशी उतर चुके हैं, जिससे यहां मुकाबला ज्यादा कड़ा माना जा रहा है. दूसरी ओर मानगो के वार्ड 22, 34 और 36 में सिर्फ एक एक प्रत्याशी ने पर्चा भरा है.
जुगसलाई में भी दिखा जोश
जुगसलाई नगर परिषद के 22 वार्डों के लिए कुल 88 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है. बुधवार को यहां 76 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा. वार्ड 1 से 6 तक 25, वार्ड 7 से 11 तक 12, वार्ड 12 से 17 तक 27 और वार्ड 18 से 22 तक 24 उम्मीदवार मैदान में हैं. नामांकन के बाद दोनों निकाय क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. प्रत्याशी अपने अपने इलाकों में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं और प्रचार का दौर शुरू हो चुका है.
भारी संख्या में नामांकन यह संकेत देता है कि स्थानीय राजनीति में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. कई वार्डों में जहां सीधा मुकाबला बनता दिख रहा है, वहीं कुछ वार्डों में प्रत्याशियों की भीड़ मतदाताओं के लिए विकल्पों को और व्यापक बना रही है. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि यह भीड़ किस दिशा में चुनावी परिणामों को मोड़ती है.