Municipal Elections: नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में गुरुवार को विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ नामांकन वैध पाए गए, जबकि कुछ में त्रुटियां सामने आने के कारण उन्हें रद्द कर दिया गया।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए दाखिल एक उम्मीदवार का नामांकन पत्र जांच में खारिज कर दिया गया है। वहीं अध्यक्ष पद की उम्मीदवार आरती चौधरी के नामांकन पत्र में आवश्यक दस्तावेज़ों और औपचारिकताओं में त्रुटि पाए जाने के कारण निर्वाचन पदाधिकारी ने उनका पर्चा अयोग्य घोषित कर दिया।
जुगसलाई में अब नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान में
आरती चौधरी का नामांकन रद्द होने के बाद जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अब कुल नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं, उनमें जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलोफर हुसैन, नूतन सिंह, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातुन, बलबीर कौर और रिंकु सिंह शामिल हैं।
चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के नामांकन वैध
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत निर्वाचन क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए दाखिल सभी नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए हैं। इस पद के लिए संध्या रानी सरदार, चंदना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू चुनावी दौड़ में बनी हुई हैं।
चाकुलिया में तीन वार्ड प्रत्याशियों के नामांकन रद्द
चाकुलिया नगर पंचायत में वार्ड संख्या 1 से 12 तक के लिए कुल 42 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के बाद इनमें से तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में त्रुटि पाई गई, जिसके चलते उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। अब इन वार्डों में 39 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
शुक्रवार को नाम वापसी
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दिन यदि कोई उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ना चाहता है, तो वह अपना नामांकन पत्र वापस ले सकता है। नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन द्वारा अंतिम और वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।