Jharkhand Cabinet Meeting: राजधानी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में कुल 26 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, लेकिन जिस फैसले पर हजारों अभ्यर्थियों की नजर टिकी थी, उस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका.
कार्मिक विभाग का प्रस्ताव रहा स्थगित
JPSC अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने से जुड़ा प्रस्ताव कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा कैबिनेट में रखा गया था. बैठक के दौरान इस पर चर्चा हुई, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे फिलहाल स्थगित रखने का संकेत दिया. सरकार इस मुद्दे पर आगे विचार करेगी.
कट ऑफ तिथि को लेकर बनी थी उम्मीद
सूत्रों के अनुसार 14वीं JPSC परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए अगस्त 2023 की कट ऑफ तिथि प्रस्तावित की गई थी. इससे बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को फायदा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल इस पर सहमति नहीं बन पाई.
आचार संहिता के कारण नहीं हुई ब्रीफिंग
कैबिनेट बैठक के बाद नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण सरकार की ओर से कोई आधिकारिक ब्रीफिंग नहीं की गई. हालांकि अंदरूनी जानकारी से यह साफ हुआ कि अधिकांश प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है.
अभ्यर्थियों को करना होगा इंतजार
इस फैसले के टलने से JPSC की संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अभी और इंतजार करना होगा. माना जा रहा है कि सरकार इस मुद्दे पर अलग से विचार कर सकती है.
JPSC उम्र सीमा छूट को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई है. फैसले में देरी से अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ सकती है, वहीं सरकार पर भी दबाव बना रहेगा कि वह जल्द स्पष्ट रुख अपनाए.