Giridih: हरलाडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत जतरामेला देखने गई दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
घटना का विवरण
दिनांक 25 जनवरी 2026 की रात्रि हरलाडीह ओपी क्षेत्र में आयोजित जतरामेला देखने गई दो नाबालिग बच्चियों के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद खुखरा (हरलाडीह) थाना में बीएनएस एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसआईटी का गठन एवं वैज्ञानिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल पर श्वान दस्ता, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (रांची) की टीम तथा तकनीकी शाखा की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्त
साक्ष्य एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
राजेश मुर्मू (उम्र लगभग 26 वर्ष), निवासी गिरिडीह
रवीन्द्र टुडू (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी – गिरिडीह
संजय टुडू (उम्र लगभग 21 वर्ष), निवासी – धनबाद
सोहन टुडू (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी – धनबाद
इसके अतिरिक्त, इस कांड में संलिप्त चार विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।
बरामदगी
पुलिस की जांच में एक आरोपी के पास से घटना से संबंधित जींस पैंट व कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
छापामारी टीम
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी सुमित प्रसाद सहित गिरिडीह पुलिस के कई वरीय अधिकारी, प्रशिक्षु पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही।
पुलिस का बयान
गिरिडीह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित नाबालिगों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।