Ranchi: खादगढ़ा बस स्टैंड में पिछले कुछ दिनों से बसों में लग रही रहस्यमयी आग की गुत्थी को रांची पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो जानबूझकर बसों को निशाना बना रहा था।
घटना का घटनाक्रम
मामले की शुरुआत 1 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी 06 बसें धू-धू कर जल गईं। अभी इस घटना की जांच चल ही रही थी कि अगले ही दिन, 2 फरवरी को बस टर्मिनल के सामने खड़ी नगर निगम की सिटी बस रजिस्ट्रेशन नं. JH01AF-6969 में फिर से आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
लोअर बाजार थाना पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। फुटेज में देखा गया कि सिटी बस में आग लगने के ठीक पहले एक व्यक्ति हाथ में कपड़ा लिए बस के अंदर दाखिल हुआ और उसके निकलते ही बस से लपटें उठने लगीं। कड़ी जोड़ने पर पता चला कि 1 फरवरी की बड़ी घटना से 5 मिनट पहले भी वही व्यक्ति पहली जलने वाली बस के पास मौजूद था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अर्जुन भोक्ता 32 वर्ष, पिता- अकलु गंजू, निवासी- पिपरा टोला सिकिदरी, रांची को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से आग लगाने के पुख्ता सबूत बरामद किए हैं।
एक माचिस का डब्बा, एक लाइटर बस के अंदर से मिला अधजला कपड़ा जिसका इस्तेमाल 2 फरवरी को सिटी बस जलाने के लिए किया गया था ।
कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 31/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 326जी और 3272 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि आग लगाने के पीछे के असली मकसद का पता लगाया जा सके।