Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में स्थित सिटी सेंटर के तनिष्क शोरूम में हुई लूट की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बोकारो पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के बेगूसराय से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
बड़ी घटना को अंजाम देने की थी साजिश
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 11 जनवरी को अपराधियों ने सिटी सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में लूट का दुस्साहस किया था। हालांकि, शोरूम की सुरक्षा और परिस्थितियों के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए थे। इस घटना के बाद सेक्टर-4 थाना में कांड संख्या-02/26 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
बेगूसराय में छापेमारी कर दबोचे गए आरोपी
एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 2 फरवरी को बिहार के बेगूसराय में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने प्रिंस कुमार और मोहम्मद समशाद को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने तनिष्क शोरूम में लूट के प्रयास की बात स्वीकार कर ली।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है, 01 देशी पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस, 03 मोबाइल फोन, 01 पिट्ठू बैग
पुराना आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों में से प्रिंस कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह इससे पहले भी तनिष्क शोरूम से जुड़े अन्य लूट कांडों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल, दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।