Saraikela: सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में स्थित कांड्रा से बड़ामारी गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण लोगों के लिए खतरे का सबब बनता जा रहा है। खासकर अमलगम कंपनी के समीप का इलाका दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुका है, जहां दिन-रात कंपनी में आने-जाने वाले भारी वाहनों की तेज आवाजाही आम राहगीरों और मजदूरों की जान पर बन आई है।
तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर
मंगलवार को इसी मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला। काम पर जा रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक (संख्या JH10 AL 8058) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूर अपनी मोटरसाइकिल समेत ट्रक के नीचे फंस गया और कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मजदूर की हालत गंभीर
घटना को अपनी आंखों से देख रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाकर ट्रक को रुकवाया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद घायल मजदूर को ट्रक के अंदर से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
पहले भी इस सड़क पर हुआ है हादसा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी इसी सड़क पर एक हाईवा वाहन ने पीछे से एक मजदूर को टक्कर मार दी थी, जिसमें वह लंबे समय तक ट्रक के अंदर फंसा रहा। उस हादसे में घायल मजदूर का इलाज अभी तक जारी है।
लोगों ने प्रशासन से की मांग
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और मजदूरों का आरोप है कि भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और प्रशासन की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए, जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसे दर्दनाक हादसों का सामना न करना पड़े।