East Singhbhum: मनरेगा दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त ने मुसाबनी प्रखंड के कुईलीसुता पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
100 दिन का कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित
इस दौरान उन्होंने मनरेगा योजना के तहत 100 दिन का कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया। उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण परिवारों को आजीविका सुरक्षा प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद करती है। उन्होंने बताया कि योजना न केवल रोजगार सृजन कर रही है, बल्कि जल संरक्षण, सिंचाई, वृक्षारोपण और ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से गांवों के समग्र विकास में भी योगदान दे रही है।
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को दिए निर्देश
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि मजदूरी का समय पर भुगतान, कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाओं और योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक कार्यों में भाग लें और पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, मनरेगा कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिक उपस्थित रहे। जिले भर की पंचायतों में जागरूकता और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां श्रमिकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया और योजना की उपलब्धियों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई।