Dhanbad News: आगामी नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर धनबाद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े बड़े चेहरों के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी के साथ ही सियासी माहौल गरमा गया है। सांसद ढुल्लू महतो की पत्नी सावित्री देवी ने मेयर पद के लिए नामांकन पत्र खरीद लिया है, जिससे उनके चुनाव लड़ने की औपचारिक तैयारी साफ नजर आ रही है।
संजीव सिंह भी करेंगे कल अपना नामांकन
इधर, झरिया के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव सिंह भी धनबाद से मेयर पद के लिए कल अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। एक ही पार्टी से दो प्रमुख दावेदारों के सामने आने से भाजपा के भीतर अंदरूनी खींचतान और संभावित भीतरघात की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है असर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि पार्टी नेतृत्व समय रहते स्थिति को स्पष्ट नहीं करता है तो इसका सीधा असर भाजपा की चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है। दो मजबूत दावेदारों की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बन सकती है, जिसका लाभ विपक्षी दल उठा सकते हैं।
धनबाद की राजनीति में मेयर चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज
फिलहाल, दोनों नेताओं के समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है और धनबाद की राजनीति में मेयर चुनाव को लेकर गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। आने वाले दिनों में पार्टी का रुख और रणनीति चुनावी समीकरणों को किस दिशा में ले जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।