J&K Breaking: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप सुबह करीब 5:35 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 दर्ज की गई. उस समय अधिकतर लोग गहरी नींद में थे, जिससे अचानक आए झटकों ने लोगों को डरा दिया.
भूकंप का केंद्र बारामूला जिले के पट्टन क्षेत्र में हंजीवेरा बाला से लगभग पांच किलोमीटर दूर बताया गया है. झटके इतने स्पष्ट थे कि लोग नींद से जाग गए और कई जगहों पर घरों से बाहर निकल आए.
इन इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप चेतावनी प्रणाली के अनुसार, इस भूकंप का असर कश्मीर घाटी के बड़े हिस्से में देखा गया. श्रीनगर, बारामूला, सोपोर, गांदरबल, पुलवामा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने झटके महसूस किए. कुछ दूर-दराज के इलाकों में भी भूकंप का प्रभाव दर्ज किया गया.
लोगों में डर का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि झटकों के दौरान घरों की खिड़कियां, दरवाजे और घरेलू सामान हिलने लगे. अचानक आए भूकंप से अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के कारण खुले स्थानों की ओर भागे. भोर के समय भूकंप आने से लोगों की चिंता और बढ़ गई.
प्रशासन अलर्ट, नुकसान की कोई खबर नहीं
जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है. हालात पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है.