Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-01

Jamshedpur News: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय बजट 2026 का किया स्वागत, कहा- महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और रोजगार को मिली ठोस प्राथमिकता

Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

पूर्णिमा साहू ने कहा कि बजट में महिला उद्यमिता को विशेष महत्व दिया गया है। शी-मार्ट (SheMart) के माध्यम से महिला उद्यमियों को नए और व्यापक बाजार उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकेंगी। इसके साथ ही एमएसएमई और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए ऋण प्रक्रिया को सरल बनाए जाने का प्रावधान आर्थिक आत्मनिर्भरता को और मजबूत करेगा।

उन्होंने बजट में महिला सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े प्रावधानों की भी सराहना की। वर्किंग वुमन हॉस्टल, क्रेच की व्यवस्था और हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल की घोषणा से कामकाजी महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित व अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिससे वे बिना किसी चिंता के शिक्षा और रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगी।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार, विशेष कौशल विकास कार्यक्रमों, डिजिटल साक्षरता और बैंकिंग सेवाओं से महिलाओं को जोड़ने की पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। इससे महिलाएं स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बजट में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, बायो-फार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान, तथा कैंसर, शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता करने की घोषणाएं आम जनता के हित में हैं और स्वास्थ्य एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करेंगी।

अंत में पूर्णिमा साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 समावेशी विकास का बजट है, जो महिलाओं, युवाओं, किसानों और उद्यमियों सभी के लिए नए अवसर पैदा करेगा और देश को आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !