Jharkhand: रविवार की सुबह चाकुलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हवाई पट्टी के समीप उस समय हड़कंप मच गया। जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव पड़ा हुआ देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आशंका है कि जंगली हाथी के हमले में हुई मौत
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग महिला की मौत किसी जंगली हाथी के हमले में हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटनास्थल पर महिला के शव के पास एक नीले रंग का बैग भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हुई
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किस इलाके की रहने वाली थी और वह हवाई पट्टी के पास तक कैसे पहुंची। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।