Giridih News: गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां किराये के मकान में रह रही 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी तब सामने आई जब छात्रा ने अपने छोटे भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजकर आत्महत्या करने की बात कही. घबराए परिजन जब मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर उसका शव फंदे से झूलता मिला.
आठ महीने से किराये के मकान में रह रही थी
मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह गांव निवासी परमेश्वर मंडल की पुत्री पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है. वह कक्षा 11 की छात्रा थी और जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज स्थित लंगटा बाबा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. पढ़ाई और कोचिंग के लिए वह पिछले करीब आठ महीने से बरगंडा में दीपक कुमार सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी.
दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया
शनिवार सुबह करीब 11 बजे पूजा ने अपने छोटे भाई विशाल कुमार मंडल को एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी जान देने की बात लिखी थी. मैसेज मिलते ही विशाल अपने दोस्तों के साथ बरगंडा स्थित कमरे पर पहुंचा. वहां पहुंचने पर देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है. काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया. अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए, पूजा दुपट्टे से बने फंदे के सहारे झूल रही थी.
मकान मालिक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सुबह वह घर के बाहर थे, तभी पूजा की एक सहेली उससे मिलने आई और दरवाजा बंद होने की जानकारी दी. इसी दौरान पूजा का भाई भी वहां पहुंच गया. जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो घटना का पता चला और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
खबर मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.