Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में शनिवार सुबह एक हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. नगर के वार्ड संख्या सात निवासी और अंडा व्यवसायी विजय कुमार साह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. उनका शव नरकटियागंज भिखना ठोरी रेलखंड पर नंदपुर रेलवे ढाला के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसे देख स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है. पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
पहले भी हो चूका था मृतक पर हमला
मृतक की पहचान होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम में भेजने का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. परिजनों का कहना है कि विजय कुमार पहले भी हमले का शिकार हो चुके थे. उनकी पत्नी माया मति देवी ने बताया कि 29 नवंबर 2025 को इसी रेलखंड पर उन पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उनका पेट फाड़ दिया गया था. उस समय करीब पांच लाख रुपये खर्च कर उनका इलाज कराया गया था.
शुक्रवार शाम को घर से निकले फिर नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे विजय कुमार यह कहकर घर से निकले थे कि वे धर्मेंद्र की पान दुकान पर पान खाने जा रहे हैं. देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे उनका शव मिलने की खबर आई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने नंदपुर ढाला के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा. पुलिस अधिकारियों ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों की जानकारी और साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.