Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरलुंग इलाके में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब साप्ताहिक हाट बाजार में चल रहे अवैध हब्बा-डब्बा खेल को लेकर हुआ विवाद हिंसा में बदल गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.
मिली जानकारी के अनुसार, हुरलुंग पंचायत भवन के पास गुरुवार को साप्ताहिक हाट लगा हुआ था. इसी दौरान खुलेआम अवैध जुए का खेल चल रहा था. बताया जा रहा है कि नशे में धुत एक युवक वहां पहुंचा और खेल के संचालकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया. बहस के बाद युवक वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर में वह ट्रैक्टर लेकर वापस लौट आया.
आरोप है कि युवक ने ट्रैक्टर से बाजार में खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को कुचल दिया, जिससे पूरे हाट में भगदड़ मच गई. लोग जान बचाने के लिए भागने लगे. इसी दौरान युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है, जिससे दहशत और बढ़ गई.
फायरिंग की आवाज सुनते ही दुकानदारों और ग्राहकों में डर का माहौल बन गया और पूरा बाजार कुछ ही मिनटों में खाली हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया.
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अवैध जुए और फायरिंग की इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.