Jharkhand News: झारखंड के चर्चित शराब और जमीन घोटाले की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है. मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई तेज होती दिख रही है. इसी कड़ी में एसीबी बुधवार को निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के चार्टर्ड अकाउंटेंट से पूछताछ करने जा रही है.
सीए उपेंद्र शर्मा को भेजा गया समन
एसीबी ने विनय चौबे के चार्टर्ड अकाउंटेंट उपेंद्र शर्मा को समन जारी कर तलब किया है. पूछताछ के दौरान एसीबी उनसे विनय चौबे और उनके करीबी लोगों के खातों से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जानकारी जुटाएगी.
रिश्तेदारों और शेल कंपनियों के जरिए धन छिपाने का आरोप
जांच में यह बात सामने आई है कि विनय चौबे ने कथित तौर पर शराब और जमीन घोटाले से अर्जित काली कमाई को छिपाने के लिए अलग-अलग रास्ते अपनाए. आरोप है कि इसके लिए रिश्तेदारों के बैंक खातों, शेल कंपनियों और रियल एस्टेट सेक्टर का इस्तेमाल किया गया.
आय और संपत्ति के अंतर पर होगी पूछताछ
पूछताछ के दौरान एसीबी विनय चौबे और उनके परिवार की घोषित आय और वास्तविक संपत्तियों के बीच के अंतर को लेकर सवाल कर सकती है. साथ ही विभिन्न निवेश योजनाओं और संभावित बेनामी संपत्तियों में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जाएगी.
पहले से दर्ज है प्राथमिकी
गौरतलब है कि इस मामले में 24 नवंबर को एसीबी रांची थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इस केस में विनय चौबे के साथ साथ उनके परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
सीए से पूछताछ एसीबी की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है. वित्तीय लेन-देन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों के सामने आने से मामले की परतें और खुल सकती हैं. आने वाले दिनों में इस जांच के आधार पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.