क्या था पूरा मामला?
घटना की शुरुआत 24 जनवरी को हुई थी, जब तौकिर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के वक्त घर में मौजूद मासूम बेटे अरहाम अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने ही माँ को गोली मारी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने शातिर चाल चलते हुए शव को बिस्तर पर लिटा दिया और बंदूक तरन्नुम के हाथ में थमा दी थी।
अवैध संबंध और प्रताड़ना बनी वजह
मृतका के भाई मोहम्मद मोजाहिद द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, तौकिर का निशा केरकेट्टा नामक महिला के साथ प्रेम संबंध था। तरन्नुम अक्सर इस रिश्ते का विरोध करती थी, जिसके कारण तौकिर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहता था। भाई का आरोप है कि इसी रास्ते के कांटे को हटाने के लिए तौकिर ने सुनियोजित तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
फरारी के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
हत्याकांड के बाद डोरंडा थाना में तौकिर और निशा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। चारों तरफ से घिरता देख, मंगलवार रात तौकिर ने फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि मुख्य आरोपी की मौत हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब मामले के दूसरे पहलुओं और प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। इस दोहरी मौत की घटना ने पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।