Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Palamu Crime News: पलामू में अवैध मोबाइल असेंबलिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Palamu: पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से मोबाइल फोन को रिफर्बिश एवं असेंबल कर बाजार में बेचने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में मोबाइल फोन, उनके पार्ट्स और असेंबलिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए हैं।

गिरफ्तार युवकों की पहचान 
गिरफ्तार युवकों की पहचान विकल्प कुमार सिंह (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी ग्राम खाप सरौना तथा दूसरे आरोपी रंजीत कुमार (उम्र लगभग 24 वर्ष), निवासी ग्राम पांकी बस्ती, थाना पांकी के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम खाप सरौना निवासी विकल्प कुमार सिंह अपने घर में जिओ और सैमसंग कंपनी के कीपैड मोबाइल फोन अवैध रूप से तैयार कर बाजार में बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया।

कमरा मिनी फैक्ट्री जैसा प्रतीत दिखा 
गठित छापामारी दल ने सशस्त्र बल के सहयोग से विकल्प कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के प्रथम तल पर स्थित एक कमरे से मोबाइल रिपेयरिंग और असेंबलिंग से संबंधित भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया। कमरे का दृश्य किसी मिनी फैक्ट्री जैसा प्रतीत हो रहा था।


वैध कागजात प्रस्तुत नहीं 
मौके से जिओ और सैमसंग कंपनी के कीपैड मोबाइल, पुराने मदर बोर्ड, मोबाइल बॉडी, बैक कवर, चार्जर, बैट्री सहित कई उपकरण जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान विकल्प कुमार सिंह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।


आरोपी ने किया खुलासा 
कड़ाई से पूछताछ करने पर विकल्प कुमार सिंह ने खुलासा किया कि पांकी बस्ती निवासी रंजीत कुमार उसे पुराने मदर बोर्ड, मोबाइल बॉडी, चार्जिंग पिन, माइक आदि उपलब्ध कराता था। इन पार्ट्स को रिपेयर एवं असेंबल कर चालू हालत में मोबाइल तैयार किया जाता था, जिसे पुनः रंजीत कुमार को सौंप दिया जाता था।


दूसरे आरोपी के घर की ली गई तलाशी 
विकल्प कुमार सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने रंजीत कुमार के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरे में जिओ और सैमसंग कंपनी के पुराने मदर बोर्ड तथा विभिन्न कंपनियों के मोबाइल डिब्बे (चार्जर और बैट्री सहित) बरामद किए गए। इस मामले में भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद पुलिस ने रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।


प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी 
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग ऑनलाइन कूरियर और फेरीवालों से पुराने मदर बोर्ड खरीदते थे तथा डाल्टनगंज की दुकानों से मोबाइल बॉडी, डिब्बे, चार्जर और बैट्री लेकर अवैध रूप से मोबाइल असेंबल कर बाजार में बेचते थे। इस संबंध में पांकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !