Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

BREAKING: झारखंड निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी, 29 जनवरी से नामांकन, 23 फरवरी को मतदान, यहां देखें पूरी जानकारी...

BREAKING: झारखंड में नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की औपचारिक शुरुआत 28 जनवरी 2026 से होगी. इसी दिन पूर्वाह्न 11.00 बजे जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका द्वारा प्रपत्र 5 में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा. इसके साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी.

नामांकन की समयसीमा तय
चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी 29 जनवरी 2026 से 04 फरवरी 2026 तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन का समय प्रतिदिन पूर्वाह्न 11.00 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक निर्धारित किया गया है. इस अवधि में संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी अपने कागजात प्रस्तुत कर सकेंगे.



नामांकन पत्रों की जांच
नाम निर्देशन पत्रों की सवीक्षा 05 फरवरी 2026 को की जाएगी. इस दिन पूर्वाह्न 11.00 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक सभी नामांकन पत्रों की विधिवत जांच होगी. जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन-कौन से अभ्यर्थी चुनाव मैदान में बने रहेंगे.

नाम वापसी का अवसर
अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का अवसर 06 फरवरी 2026 को मिलेगा. इस दिन पूर्वाह्न 11.00 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक उम्मीदवार अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे. नाम वापसी के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी.

चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया
चुनाव चिन्हों का आवंटन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा. इस दिन पूर्वाह्न 11.00 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक पात्र अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीक प्रदान किए जाएंगे. इसके बाद प्रत्याशी अपने अपने चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार अभियान में उतर सकेंगे.

मतदान की तिथि तय
यदि आवश्यकता पड़ी तो मतदान 23 फरवरी 2026 को कराया जाएगा. मतदान का समय प्रातः 07.00 बजे से अपराह्न 05.00 बजे तक निर्धारित किया गया है. इस दौरान मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे.

मतगणना और परिणाम
मतगणना 27 फरवरी 2026 को होगी. मतगणना की प्रक्रिया प्रातः 08.00 बजे से शुरू की जाएगी. इसी दिन चुनाव परिणाम सामने आएगी.

आदर्श आचार संहिता प्रभावी
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है, जिससे पूरी निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त होगा. इसके साथ ही सभी राजनीतिक गतिविधियां तय नियमों के दायरे में संचालित होंगी.

चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं
नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. विभिन्न दल संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन में जुट गए हैं और रणनीति तैयार की जा रही है. निर्वाचन आयोग ने आम मतदाताओं से भी शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से मतदान प्रक्रिया में भागीदारी की अपील की है. इस चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा.

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 43 लाख 23 हजार 574 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 21 लाख 16 हजार 227 महिला मतदाता शामिल हैं. राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम और 19 नगर पंचायत शामिल हैं.

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही झारखंड में स्थानीय निकाय राजनीति की सरगर्मी बढ़ने वाली है. तय समयसीमा से यह स्पष्ट है कि राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है. अब सभी की निगाहें नामांकन प्रक्रिया और चुनावी मुकाबलों पर टिकी हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !