Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-26

Jamshedpur Crime News: सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान बागबेड़ा में कुख्यात अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काणा गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी आशंका

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना चौक स्थित डीभी रोड पर सोमवार की शाम सरस्वती पूजा के विसर्जन के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक कुख्यात अपराधी द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की सूचना मिली। बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक तिवारी उर्फ काणा एक नाश्ता दुकान में मौजूद है।

पुलिस ने दीपक तिवारी को धर दबोचा
सूचना मिलते ही थाना से पदाधिकारी और जवान आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपक तिवारी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी रामनगर शाखा मैदान का निवासी बताया जाता है। उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस प्रशासन ने उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पिछले माह ही उसे तड़ीपार किया था।

जवानों ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा 
पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपक तिवारी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से जमशेदपुर, विशेषकर अपने गृह क्षेत्र बागबेड़ा में दाखिल हुआ था। बागबेड़ा बड़ौदा घाट में सरस्वती पूजा का विसर्जन सुबह से ही चल रहा था और गणतंत्र दिवस के बाद भी सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी। इसी बीच शाम करीब 8:30 बजे पुलिस जवानों ने फिल्मी अंदाज में उसे पकड़ लिया।

प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की 
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने की भी सूचना है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दीपक उर्फ काणा पर हत्या, शराब कारोबार, फायरिंग सहित कई संगीन आरोप दर्ज हैं। वर्ष 2021 में गांजा कारोबारी बबलू सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आ चुका है।

बताया जाता है कि वह पहले संजीत गिरोह से जुड़ा हुआ था और उसके शराब कारोबार की देखरेख करता था। हाल के दिनों में उसने अपना अलग गिरोह बना लिया था और अपराध की दुनिया में वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !