बहला-फुसलाकर पुराने भट्ठे के पास ले गया आरोपी
पीड़िता की माँ के अनुसार, आरोपी उनके पड़ोस में ही रहता है और रिश्तेदारी में भी लगता है। उसने बच्ची को अकेला देख उसे बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित एक पुराने ईंट भट्ठे के गड्ढे में ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची लहूलुहान और बदहवास स्थिति में मिली, तब परिजनों को इस घिनौनी करतूत का पता चला।
परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे तत्काल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
मुसहरी थाना क्षेत्र में एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस फिलहाल घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटा रही है और मामले की गहन जांच में जुटी है।