Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-24

VB G RAM G: विकसित भारत–जी राम जी योजना से सशक्त होगा ग्रामीण भारत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका चुनावी बिगुल

VB G RAM G: विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन- ग्रामीण (वी बी–जी-राम-जी) के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्यवक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं, इस दौरान प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, कार्यक्रम के प्रदेश टोली के सह संयोजक दिनेश कुमार मौजूद रहे। सम्मेलन में स्वागत सह अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना पर लोगों को गुमराह करने की विपक्ष की साजिश को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बेनकाब करेंगे और जनता को बताएंगे कि मोदी सरकार की योजनाएं किस प्रकार से उनके जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही हैं। 


सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत महतो ने कहा कि विकसित भारत–जी-राम-जी योजना गांव, किसान और श्रमिक को केंद्र में रखकर ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी। इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जिससे उन्हें स्थायी आजीविका का आधार मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना में समयबद्ध मजदूरी भुगतान, रोजगार उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता तथा भुगतान में देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान है, जिससे श्रमिकों का विश्वास व्यवस्था में और मजबूत होगा। कहा कि बुआई और कटाई जैसे प्रमुख कृषि सीजन के दौरान कार्य में आवश्यक ठहराव की सुविधा भी दी गई है, ताकि खेती प्रभावित न हो और किसान अपनी कृषि गतिविधियों पर पूरा ध्यान दे सकें। उन्होंने यह भी बताया कि विकसित भारत–जी-राम-जी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, संपर्क मार्गों के निर्माण तथा कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे गांवों में ही रोजगार के स्थायी अवसर सृजित होंगे। यह मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। 

विद्युत महतो ने कहा कि देश की जनता वर्षों तक कांग्रेस सरकार की लूट और भ्रष्टाचार का शिकार रही। मनरेगा और पूर्व की जवाहरलाल रोजगार योजना भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी। एक ही सड़क का बार-बार निर्माण दिखाकर करोड़ों रुपये डकार लिए गए और गरीब मजदूरों को महीनों तक मजदूरी के लिए तरसाया गया। विद्युत महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर करारी चोट की गई है। रोजगार गारंटी कार्ड को बैंक खाते से जोड़कर बिचौलियों और भ्रष्ट अधिकारियों की दुकान बंद कर दी गई।

भ्रष्टाचारियों की जेब

 अब पैसा सीधे मजदूर के खाते में जा रहा है, जिससे दलालों की लूट खत्म होगी। उन्होंने कहा कि वी बी जी राम जी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग को वास्तविक लाभ पहुंचा रही है। 6 करोड़ 44 लाख से अधिक कार्यों की जियो टैगिंग कर यह सुनिश्चित किया गया है कि विकास का हर पैसा जमीन पर दिखाई दे, न कि भ्रष्टाचारियों की जेब में जाए।

सांसद विद्युत महतो ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग दशकों तक गरीबों के नाम पर राजनीति करते रहे, वही गरीबों के सबसे बड़े शोषक थे। आज मोदी सरकार पारदर्शी कानून, डिजिटल व्यवस्था और सीधे खाते में भुगतान के माध्यम से जनता के अधिकारों की रक्षा कर रही है। 

कार्यक्रम के प्रदेश टोली सह संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि जी राम जी नाम से कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है, इसलिए वे बौखलाहट में कभी उपायुक्त तो कभी अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे योजनाओं पर झूठी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना के तहत मनरेगा में ऐतिहासिक सुधार किए गए हैं। अब यदि किसी इनरोल्ड मजदूर को 15 दिनों तक काम नहीं मिलता, तो 16वें दिन से बिना काम के भी मजदूरी का भुगतान अनिवार्य होगा। दिनेश कुमार ने बताया कि पहले भुगतान में केंद्र और राज्य का अनुपात 75:25 था, जिसे अब 60:40 कर दिया गया है। मजदूरों को डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में भुगतान, 100 दिन के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन, और किसान मजदूरों को खेती-बाड़ी के लिए 200 दिनों तक रोजगार का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही योजना में कच्चे कार्यों के साथ पक्की योजनाएं और सड़क निर्माण को भी शामिल किया गया है।

प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने कहा कि विपक्षी दल ग्रामीण जनता को गुमराह कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि वे अपना राजनीतिक स्वार्थ साध सकें। नंदजी प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा वर्ग के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। लेकिन विपक्ष इन योजनाओं को लेकर भ्रम फैलाकर ग्रामीणों को भटकाने का काम कर रहा है।

वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि गांव बढ़ेगा तभी शहर और देश बढ़ेगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने 600 से अधिक योजनाएं लागू कीं, लेकिन अधिकतर योजनाओं के नाम गांधी परिवार पर रखकर परिवारवाद की राजनीति की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में किसी योजना का नाम किसी व्यक्ति के नाम पर नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ग्राम सभाओं की योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है।

सम्मेलन में मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम के जिला संयोजक प्रदीप महतो ने किया।

कार्यकर्ता मौजूद रहे

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, राजन सिंह, कल्याणी शरण, जटाशंकर पांडेय, रीता मिश्रा, नीरज सिंह, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, मंडलाध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, मारुति नंदन पांडेय, आनंद कुमार, अमित मिश्रा, पप्पू उपाध्याय, सुरज कुमार साह, जुगनू वर्मा, हन्नु जैन, रितेश झा, विकास शर्मा, कुमार अभिषेक, रंजीत कुमार सिंह, बापन बनर्जी, युवराज सिंह जुगनू, रंजीत कुमार सिंह, रविन्द्र सिंह, बिनोद राय, अश्विनी तिवारी, हलधर दास, अजीत सिंह, सुदीप कुमार, दीपक पाल, शांतनु मुखर्जी, बासुदेव मंडल, प्रधान महतो, रामप्रसाद जायसवाल, लकी सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !