New Delhi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक मुलाकात की। यह भेंट अत्यंत आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें झारखंड के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने राहुल गांधी को झारखंड के जामताड़ा जिले के दौरे का औपचारिक निमंत्रण दिया। राहुल गांधी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही जामताड़ा आएंगे, जहाँ एक विशाल जनसभा और विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्थिति पर गहन संवाद हुआ। डॉ. अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनोन्मुखी योजनाओं, स्वास्थ्य सुधारों और खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। राहुल गांधी ने झारखंड सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और सरकार जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देकर प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है।
संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए डॉ. अंसारी ने बताया कि झारखंड प्रभारी राजू जी के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है। कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राहुल गांधी ने राज्य सरकार के मंत्रियों के कामकाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभागों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और जनसेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं।
राहुल गांधी ने स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा के हर आरोप और मुद्दे का जवाब तथ्यों और मजबूती के साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों को सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान करते हुए अपने क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं, समस्याओं और हितों को सर्वोपरि रखना चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी गई। उन्होंने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने पर बल देते हुए अधिक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य ढांचे की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही 15 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा वाली स्वास्थ्य योजनाओं की सराहना की।
डॉ. इरफान अंसारी ने जानकारी दी कि झारखंड में पहले से ही 15 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रभावी रूप से लागू है। राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के लिए बीमा आधारित स्वास्थ्य योजनाएं भी सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग को नियमित, समय पर और पारदर्शी तरीके से राशन मिलना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई। इस पर बताया गया कि 2G मशीनों से उत्पन्न समस्याओं को दूर करते हुए अब राज्य में 4G आधारित e-POS मशीनें लागू कर दी गई हैं, जिससे राशन वितरण में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि वे प्राप्त प्रत्येक रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हैं और चाहते हैं कि ग्रामीण, गरीब और वंचित वर्ग को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने युवा नेतृत्व से ईमानदारी, संवेदनशीलता और तेज़ी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
मुलाकात के अंत में राहुल गांधी ने डॉ. इरफान अंसारी की सराहना करते हुए कहा,
“आप युवा हैं, ऊर्जावान हैं और आपका काम ज़मीन पर दिखाई दे रहा है। इसी तरह जनता के हित में कार्य करते रहें, पार्टी को आप पर पूरा भरोसा है।”
डॉ. इरफान अंसारी ने आभार प्रकट करते हुए कहा,
“आपका मार्गदर्शन और स्नेह मेरे लिए प्रेरणा है। आपकी सोच और संघर्ष से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश को दिशा मिल रही है। झारखंड की जनता आपको पूरे दिल से चाहती है।”
स्वस्थ झारखंड, सुरक्षित झारखंड और खाद्य सुरक्षा से सशक्त झारखंड के संकल्प के साथ यह मुलाकात राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल मानी जा रही है।