Seraikela News: चांडिल के चिलगु क्षेत्र में एक विक्षिप्त गर्भवती महिला लहूलुहान अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय सूत्रों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 64 और 66 सहित मानसिक रूप से असमर्थ महिला के विरुद्ध यौन अपराध से जुड़े प्रावधानों के तहत गंभीर और दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है.
घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त ने दिया रेस्क्यू करने का निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने तत्काल महिला के रेस्क्यू के निर्देश दिए. वहीं पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चांडिल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की. सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम को भी तत्काल सक्रिय किया गया.
बेहतर इलाज के लिए महिला को किया गया रिम्स रेफर
सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने महिला को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद उसे सरायकेला सदर अस्पताल में कड़ी निगरानी में रखा गया. शुक्रवार को बेहतर इलाज के लिए महिला को रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया.
प्रशासनिक स्तर पर की गई यह कार्रवाई महिला संरक्षण अधिनियम, यौन अपराधों से पीड़ित महिलाओं के लिए संचालित वन स्टॉप सेंटर योजना और संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और गरिमा के अधिकार को साकार करने की दिशा में अहम मानी जा रही है. प्रशासन, पुलिस, पत्रकारों और सामाजिक तंत्र की तत्परता से एक बड़ी मानवीय त्रासदी टल गई.
मामले में सख्त कार्रवाई होगी
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है. साथ ही पीड़िता को हर संभव चिकित्सीय, कानूनी और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.