Ranchi News: राजधानी रांची में सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पूजा से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
सरस्वती पूजा के मद्देनजर रांची जिले में करीब एक हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. यह तैनाती विसर्जन समाप्त होने तक जारी रहेगी. इसमें महिला पुलिस बलों को भी शामिल किया गया है. खास तौर पर छेड़खानी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शक्ति कमांडो को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.
एसएसपी ने जारी किए सख्त निर्देश
एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को अपने अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया है. संवेदनशील इलाकों में मोबाइल दस्ता सक्रिय रहेगा. इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने को कहा गया है ताकि किसी भी स्थिति में निगरानी और कार्रवाई में सुविधा हो सके. माहौल बिगाड़ने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
अश्लील गानों पर रोक
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूजास्थलों या अन्य स्थानों पर अश्लील या भड़काऊ गाने बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सभी पूजा समितियों को इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं. मूर्ति विसर्जन के लिए समितियों को तय समयावधि दी गई है और उसी के अनुसार विसर्जन कार्य पूरा करना होगा. विसर्जन के दौरान एनडीआरएफ की टीम भी तैनात रहेगी.
कॉलेज और हॉस्टलों पर विशेष नजर
रांची में एक हजार से अधिक स्थानों पर सरस्वती पूजा का आयोजन होता है, जिनमें रांची कॉलेज प्रमुख केंद्र माना जाता है. यहां बड़ी संख्या में छात्र जुटते हैं. इसे देखते हुए रांची कॉलेज और आसपास के हॉस्टलों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. छात्रों को संयम और अनुशासन के साथ पूजा मनाने की अपील की गई है.
सरस्वती पूजा को लेकर रांची पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है. अतिरिक्त बलों की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी निगरानी और स्पष्ट निर्देशों से यह संकेत मिलता है कि प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.