Saranda News: सारंडा झारखण्ड के घने जंगली इलाके में नक्सल विरोधी अभियान मेधाबुरू के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. झारखण्ड पुलिस महानिदेशक और सीआरपीएफ महानिदेशक के संयुक्त नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
किरिबुरू क्षेत्र में सुबह हुई मुठभेड़
किरिबुरू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 06:30 बजे नक्सलियों के सशस्त्र दस्ते के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई. इस दौरान 209 कोबरा झारखण्ड जगुआर सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद थी.
मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन
मुठभेड़ के तुरंत बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया गया. सुरक्षा बलों ने जंगल क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान तेज किया ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके.
15 नक्सलियों के शव बरामद
सर्च अभियान के दौरान अब तक कुल 15 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. इनमें से 11 नक्सलियों की पहचान कर ली गई है. बरामद शवों में शीर्ष माओवादी अनल उर्फ पतिराम मांझी भी शामिल है.
इनामी माओवादी भी ढेर
अनल उर्फ पतिराम मांझी पर झारखण्ड में 1 करोड़ रुपये उड़ीसा में 1 करोड़ 20 लाख रुपये और एनआईए की ओर से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. उसकी मौजूदगी को सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ी चुनौती मान रही थीं.
पुलिस ने बताया बड़ी उपलब्धि
झारखण्ड पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है. पुलिस का कहना है कि इससे नक्सली संगठनों की कमर टूटी है.
आत्मसमर्पण की अपील
पुलिस की ओर से शेष उग्रवादियों से अपील की गई है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं.
इलाके में तलाशी अभियान जारी
फिलहाल पूरे सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है. हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए बल सतर्क हैं.