Jamshedpur News: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र की गरीब नवाज कॉलोनी में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की गंभीर समस्या बनी हुई है. इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष पद की भावी उम्मीदवार निलुफर हुसैन ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
क्षेत्र के कई इलाकों की बदहाल इस्थिति
उन्होंने बताया कि कॉलोनी में कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है. अंधेरे के कारण दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बढ़ गया है.
इसके साथ ही कॉलोनी की नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं. गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और जगह-जगह कचरा जमा हो गया है, जिससे बदबू फैल रही है और लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ रहा है.
सफाई की स्थिति बेहद खराब
महली मोहल्ला में विशेष रूप से सफाई की स्थिति बेहद खराब है. पप्पू होटल से हसीबुल्लाह अली के घर तक जाने वाली सड़क पर अब तक सफाई नहीं हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इसके अलावा कपिल बिल्डिंग के सामने की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. इसी सड़क से आगे दो स्कूल संचालित होते हैं, जहां रोजाना छोटे बच्चे आते-जाते हैं. खराब सड़क के कारण बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है.
पर्व मनाने में परेशानी
निलुफर हुसैन ने बताया कि आने वाले दिनों में शबे बरात का पर्व है. ऐसे में क्षेत्र में रोशनी, सफाई और सड़क की स्थिति का ठीक होना जरूरी है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए, नालियों की सफाई कराई जाए, महली मोहल्ला में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और कपिल बिल्डिंग के सामने की सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए.
स्थानीय लोगों ने भी नगर परिषद से मांग की है कि कॉलोनी की समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके.