Jamshedpur: जमशेदपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एग्रिको और भालूवासा के बीच स्थित जर्जर क्वार्टरों में छापेमारी कर पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
घटना सोमवार, 19 जनवरी 2026 की है। सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एग्रिको गोल चक्कर नंबर 03 और भालूवासा के बीच स्थित खंडहरनुमा सरकारी क्वार्टरों में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशन में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भालूवासा टी.ओ.पी. के पास जर्जर क्वार्टरों की घेराबंदी की। पुलिस की आहट पाकर खंडहर में छिपे एक महिला और पुरुष ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें मौके पर ही खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बरामदगी
पकड़े गए अभियुक्तों की जब विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 23 ग्राम आंका गया है। राहुल साण्डिल, इसके पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर 6 ग्राम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रीति कुमारी इसके पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर 17 ग्राम, एक मोबाइल फोन और 6,480 रुपये नकद बरामद किए गए।
कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने ब्राउन शुगर से संबंधित कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब पेश नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थों और नकदी को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में कांड संख्या 10/26 दर्ज की गई है। अभियुक्तों पर NDPS एक्ट की धारा 17(A), 21(A), 22(A) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अभियुक्तों का विवरण
राहुल साण्डिल उम्र 27 वर्ष पिता स्व. राजेश साण्डिल, निवासी- बागुननगर सिदगोड़ा, स्थाई पता- ग्वाला बस्ती सोनारी। प्रीति कुमारी उम्र 27 वर्ष, पति- अंकु सिका, निवासी- छायानगर सितारामडेरा।
आइए बताते हैं छापेमारी टीम में कौन थे शामिल
इस सफल अभियान में डीएसपी भोला प्रसाद सिंह के साथ सिदगोड़ा थाना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार, एसआई विकास कुमार, एसआई राजुलाल स्वॉसी, एएसआई प्रमोद कुमार, महिला एएसआई औरेला कुजुर और सशस्त्र बल के जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, इकराम अंसारी, सीता भूइया व अन्यशामिल थे।
पुलिस का अपील
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए ऑपरेशन प्रहार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।