Jamshedpur: जनता दल (यूनाइटेड) की मानगो नगर निगम चुनाव समिति की एक अहम बैठक सन सिटी, एनएच-33, मानगो में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि आगामी मानगो नगर निगम चुनाव में जद(यू) सभी 36 वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। इसके साथ ही पार्टी मेयर पद के लिए भी अपना प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर सहमत हुई।
उम्मीदवारों के चयन को लेकर गहन मंथन
बैठक में मानगो नगर निगम क्षेत्र की चुनावी रणनीति, संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करने तथा संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर गहन मंथन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि विभिन्न वार्डों से प्रत्याशी बनने के लिए कई आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों का परीक्षण करने के बाद ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा जो योग्य होने के साथ-साथ क्षेत्र में लोकप्रिय और जनसमर्थन वाले हों।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने की
इस बैठक की अध्यक्षता जनता दल (यूनाइटेड) के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने की। मौके पर जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा चुनाव समिति के सभी सदस्य तथा मानगो क्षेत्र के तीनों अध्यक्ष लालू गौड़, मुश्ताक अहमद और प्रवीण सिंह भी बैठक में शामिल हुए।