Jamshedpur: भरत सिंह वेलफेयर ट्रस्ट एवं भरत सिंह फैंस क्लब की ओर से आज साकची स्थित कार्यालय में ऑस्ट्रेलिया के लॉर्ड मेयर तथा जमशेदपुर की माटी के लाल समीर पांडे का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भरत सिंह वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत सिंह ने समीर पांडे को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। सिंह ने कहा कि जमशेदपुर से निकलकर ऑस्ट्रेलिया में लॉर्ड मेयर जैसे प्रतिष्ठित पद तक पहुंचना समीर पांडे की कड़ी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, जो पूरे जमशेदपुर ही नहीं बल्कि देश के लिए भी गर्व की बात है।
उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए दोहरी खुशी का अवसर है कि जमशेदपुर का बेटा वैश्विक स्तर पर शहर का नाम रोशन कर आज अपने घर वापस आया है।”
बता दें कि समीर पांडे का जमशेदपुर से गहरा नाता रहा है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा जमशेदपुर के केएमपीएम स्कूल, सोनारी में हुई है।
स्वागत समारोह में शक्ति सिंह, महावीर मुर्मू, गोल्डी तिवारी, गौतम दास, राजेश सिंह, सुधीर पांडे, आयुष्मान सिंह, मनिंदर शर्मा, पप्पू शर्मा, संदीप सिंह, विक्की श्रीवास्तव, राजू श्रीवास्तव, रामकुमार शर्मा, राज चावला, सत्येंद्र सिंह तोमर एवं मनप्रीत कौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।