Jamshedpur News: एसिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. अपहरण की घटना को चार दिन बीत जाने के बावजूद झारखंड सरकार और पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. इस पूरे मामले में फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीधे हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा है कि कैरव गांधी का अपहरण केवल फिरौती या आपराधिक घटना भर नहीं है, बल्कि यह एक युवक की जिंदगी से जुड़ा गंभीर सवाल है.
अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका जताई
सरयू राय ने अपनी सोशल मिडिया पोस्ट में यह भी उल्लेख किया है कि अपहरण के पीछे किसी अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका होने की सूचनाएं सामने आ रही हैं. उनका कहना है कि राज्य पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है.
केंद्रीय एजेंसियों को सक्रिय करने की मांग
विधायक ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले में केंद्रीय एजेंसियों को तुरंत सक्रिय किया जाए, ताकि अपहृत युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके. उन्होंने साफ कहा है कि यह मामला केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता से भी जुड़ा हुआ है.
जांच प्रक्रिया पर सवाल
कैरव गांधी अपहरण मामले में चार दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं होना राज्य की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है. सरयू राय द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री से हस्तक्षेप की मांग यह संकेत देती है कि मामला अब राज्य से आगे केंद्र के संज्ञान में लाने की कोशिश है. यदि अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका सही साबित होती है, तो आने वाले दिनों में जांच का दायरा और एजेंसियों की भूमिका दोनों ही बढ़ सकती हैं.