Jamshedpur Crime News: परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह इलाके में बंद घर से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किया गया लैपटॉप मोबाइल नगद राशि सहित अन्य सामान बरामद किया गया है. इस मामले में राजेश शर्मा उर्फ पाण्डेय, संजय कुमार उर्फ गबरु, विकास महतो उर्फ बुलेट उक्त तीनों को विधिवत् गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले को सुलझाया है.
रात में तोड़ा गया था घर का ताला
पुलिस के अनुसार 8 और 9 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह मंशा मंदिर पश्चिम राजू बगान के पास स्थित एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. चोर घर से लैपटॉप मोबाइल, जेवरात, नगद रुपये और घरेलू सामान लेकर फरार हो गए थे. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी.
सीसीटीवी और गुप्त सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के क्रम में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर अहम सुराग मिले. इसके बाद तीन आरोपियों को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
चोरी का सामान और वाहन भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एचपी कंपनी का सिल्वर रंग का लैपटॉप एक सैमसंग गैलेक्सी एम ग्यारह मोबाइल पांच हजार रुपये नगद लैपटॉप चार्जर चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं. इसके अलावा तीन अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
पहले से आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ पूर्व में मारपीट चोरी और छिनतई से जुड़े कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज रहे हैं. पुलिस अब फरार साथियों की भूमिका और नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
पुलिस टीम की सक्रियता से मिला सफलता
इस पूरे मामले के उद्भेदन में परसुडीह थाना की पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई. पुलिस अधिकारियों और जवानों की संयुक्त कार्रवाई से चोरी के इस मामले का खुलासा संभव हो सका.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी
परसुडीह थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच का उदाहरण है. सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के बेहतर इस्तेमाल से अपराधियों तक पहुंच बनाई गई. हालांकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है. ऐसे मामलों का जल्द खुलासा आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाता है और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने का काम करता है.