Pakur: पाकुड़-बड़हरवा रेलखंड पर एक गंभीर रेल दुर्घटना की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। तिलभीटा स्टेशन के पास कुमारपुर क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर भारी लोहे का टुकड़ा रखकर ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि करीब 90 किलो वजन का रेल का टुकड़ा जानबूझकर ट्रैक पर रखा गया था।
घटना के दौरान उसी मार्ग से गुजर रही मालगाड़ी के चालक ने ट्रैक पर संदिग्ध वस्तु देखकर तुरंत ट्रेन रोक दी। चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF), गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कोयला चोरी के उद्देश्य से ट्रेन की आवाजाही बाधित करना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 6 जनवरी की रात तिलभीटा स्टेशन के समीप कुमारपुर इलाके से कोयले की चोरी की थी। इसके बाद 10 जनवरी को एलसी गेट संख्या 41/सी के पास रेलवे ट्रैक पर भारी रेल का टुकड़ा रखकर ट्रेन रोकने की योजना बनाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं
यार मोहम्मद शेख उर्फ जोकर (29 वर्ष), निवासी रानीपुर, थाना पाकुड़
राहुल शेख (27 वर्ष), निवासी रानीपुर, थाना पाकुड़
नजमी शेख (33 वर्ष), निवासी कुमारपुर, थाना पाकुड़
असब्बर शेख, निवासी रानीपुर, कोयला चोरी से जुड़ा आरोपी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की साजिश से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। जांच में यह भी सामने आया कि यार मोहम्मद शेख और उसके सहयोगी अरमान अंसारी उर्फ कालू ने पूरी योजना तैयार की थी।
RPF और GRP की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक संभावित रेल दुर्घटना को रोका जा सका। सभी आरोपियों को साहिबगंज रेलवे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।