Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और कारतूस के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मिरगीपुर निवासी अजय सिंह उर्फ अजय बालमिकी उर्फ मोटा (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में बिरसानगर थाना के एसआई लाल चंद बेदिया के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि हुरलूंग इलाके में एक युवक हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष टीम बनाई गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।
पुलिस को देख आरोपी ने भागने की कोशिश
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने झाड़ियों के पास उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और जिंदा गोलियां बरामद हुईं। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
जमशेदपुर क्यों आया था आरोपी, जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वह जमशेदपुर किस मकसद से आया था, इसकी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों के जरिए उसके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने आम जनता से की अपील
बिरसानगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से किसी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में सफलता मिली है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।