Dhanbad: धनबाद जिले में पिछले तीन महीनों से निलंबित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की 33 दुकानों की जांच रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय में जमा नहीं हो सकी है। इस गंभीर मामले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश के तहत तत्काल इन दुकानों की जांच कर पूरी, तथ्यात्मक और स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहा
पंकज कुमार ने बताया कि निलंबित दुकानों से जुड़ी मामलों में समयबद्ध जांच और रिपोर्टिंग अनिवार्य है। समीक्षा के दौरान निलंबित दुकानदारों की सूची प्रस्तुत की गई थी, लेकिन रिपोर्ट के अभाव में मामलों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इससे न केवल प्रशासनिक अनुशासन प्रभावित हो रहा है, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहा है।
रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय में सौंपें
उन्होंने कहा कि देर से रिपोर्ट जमा करने से न केवल जांच प्रक्रिया बाधित होती है, बल्कि पीडीएस के सुचारू संचालन और हितग्राहियों को उचित सेवा देने में भी अड़चन आती है। इसलिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन माह से अधिक समय से निलंबित दुकानों की जांच कर पूर्ण और स्पष्ट रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय में सौंपें।
सही वितरण की सुविधा मिल सके
यह कदम जन वितरण प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है ताकि लाभार्थियों को समय पर और सही वितरण की सुविधा मिल सके।