Jharkhand News: भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा को अज्ञात अपराधियों ने फोन पर धमकी दी है. पद्मभूषण से सम्मानित 80 वर्षीय आदिवासी नेता से खुद को पुलिस अधिकारी बताकर रंगदारी की मांग की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई. जानकारी के अनुसार यह कॉल कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ निर्मल सिंह के मोबाइल नंबर पर आया था.
बीमारी के बीच धमकी से बढ़ी चिंता
कड़िया मुंडा इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं. ऐसे समय में बार-बार आ रहे धमकी भरे कॉल्स ने उनकी मानसिक परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी चिंता को और बढ़ा दिया है. सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर में यह पहला अवसर बताया जा रहा है जब उन्हें इस तरह की धमकी का सामना करना पड़ा है.
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ निर्मल सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा की. उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और झारखंड पुलिस को टैग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
साइबर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
डॉ निर्मल सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर रांची के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया है और कॉल करने वालों की पहचान में जुट गई है. यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित साइबर गिरोह तो सक्रिय नहीं है, जो वीआईपी हस्तियों को निशाना बना रहा हो.
साइबर अपराध की बढ़ती चुनौती
वरिष्ठ और प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि को धमकी का यह मामला साइबर अपराध की बढ़ती चुनौती को उजागर करता है. पुलिस जांच से यह स्पष्ट होगा कि यह व्यक्तिगत अपराध है या किसी बड़े नेटवर्क की साजिश, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और साइबर निगरानी पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.