Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-11

Potaka News: पोटका में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के लिए 2.80 करोड़ रुपये स्वीकृत

Potaka News: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के नए भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 80 लाख 98 हजार 823 रुपये की राशि स्वीकृत की है. यह राशि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) एवं राज्य योजना मद के तहत प्रदान की गई है. इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है.
जारी आदेश के अनुसार पोटका में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण योजना की कुल अनुमानित लागत 12 करोड़ 13 लाख 98 हजार 823 रुपये है. इसमें से 9 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि पहले ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वीकृत की जा चुकी है, जबकि शेष राशि में से 2 करोड़ 80 लाख 98 हजार 823 रुपये का आवंटन राज्य योजना मद से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए किया गया है. राज्य योजना मद से यह पहला और पूर्ण आवंटन है.

निर्माण कार्य JSBCCL करेगी 
जानकारी के अनुसार इस योजना को 11 मई 2022 को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी. इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को पुनः स्वीकृति प्रदान की गई. भवन निर्माण कार्य झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (JSBCCL), रांची के माध्यम से कराया जाएगा.

राशि की निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सिविल सर्जन
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवंटित राशि की निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम होंगे, जबकि इस राशि के नियंत्रण पदाधिकारी अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड होंगे. राशि की निकासी रांची कोषागार से की जाएगी और भुगतान से पूर्व यह सुनिश्चित किया जाएगा कि व्यय स्वीकृत राशि की सीमा के भीतर ही हो.

निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल एजेंसी से जांच कराई जाएगी. गुणवत्ता जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संबंधित एजेंसी को भुगतान किया जाएगा. साथ ही निर्माण कार्य की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 10 तारीख तक विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा.

सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि भवन निर्माण कार्य Jharkhand PWD Code-2012, बिहार वित्तीय नियमावली (भाग-1) के नियम 473 एवं 475, बजट मैनुअल तथा सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएग. किसी भी प्रकार की अनियमितता, गुणवत्ता में कमी या अतिरिक्त व्यय की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अभियंता और पदाधिकारी की होगी.

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि पोटका में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण से ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाकों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी. इससे स्थानीय लोगों को गंभीर इलाज के लिए जिला मुख्यालय या बड़े शहरों की ओर कम जाना पड़ेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !