Jharkhand News: झारखंड सरकार ने नगर निकाय चुनाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है. अधिसूचना के अनुसार रांची और आदित्यपुर नगर निगम के मेयर पद को अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि गिरिडीह नगर निगम में यह पद अनुसूचित जाति के लिए तय किया गया है. वहीं धनबाद, चास, मानगो और देवघर नगर निगम के मेयर पद को अनारक्षित रखा गया है, जिससे इन शहरों में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए चुनाव का रास्ता खुला रहेगा.
नगर परिषदों में किस वर्ग को मौका
नगर परिषद स्तर पर भी आरक्षण की स्थिति स्पष्ट कर दी गई है. गढ़वा, बिश्रामपुर, चतरा, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, चिरकुंडा, चाइबासा, कपाली और जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है. झुमरी तिलैया में अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग दो के लिए जबकि गोड्डा में पिछड़ा वर्ग एक के लिए आरक्षित किया गया है. फुसरो और साहिबगंज नगर परिषद में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए तय किया गया है. वहीं रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और चक्रधरपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया है.
नगर पंचायतों के लिए जारी हुआ पूरा रोस्टर
नगर पंचायत स्तर पर भी आरक्षण की अधिसूचना जारी कर दी गई है. वंशीधरनगर, मझिआंव, छतरपुर, कोडरमा, बड़की सरैया, धनवार, बरहड़वा, बासुकीनाथ, जामताड़ा और सराइकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है. हुसैनाबाद और हरिहरगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए तय किया गया है. लातेहार, महागामा, बुंडू, खूंटी और चाकुलिया नगर पंचायत में यह पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया है. राजमहल नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग एक और डोमचांच नगर पंचायत में पिछड़ा वर्ग दो के लिए आरक्षित किया गया है.
इन शहरी निकायों में होंगे चुनाव
आगामी नगर निकाय चुनाव के तहत राज्य के नौ नगर निगमों में मतदान कराया जाना है, जिनमें रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो शामिल हैं. इसके अलावा 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत क्षेत्रों में भी चुनाव होने हैं. नगर परिषदों में गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम शामिल हैं. वहीं नगर पंचायतों की सूची में बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महागामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया शामिल हैं.
कई वर्षों से लंबित है नगर निकाय चुनाव
राज्य में वर्तमान समय में कुल 48 शहरी निकाय हैं जहां चुनाव होने हैं. इनमें से 13 ऐसे निकाय हैं जहां वर्ष 2020 से ही चुनाव लंबित हैं, जबकि रांची सहित अन्य नगर निगम और निकायों में वर्ष 2022 से चुनाव नहीं हो पाए हैं. वार्ड सीटों के आरक्षण के बाद अब मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की अधिसूचना जारी होने से चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है.
नगर पंचायत और नगर परिषद अध्यक्ष पद का विस्तृत आरक्षण
अधिसूचना के अनुसार बंशीधरनगर नगर पंचायत को अनारक्षित महिला, मझिआंव नगर पंचायत को अनारक्षित अन्य, हुसैनाबाद नगर पंचायत को अनुसूचित जाति, हरिहरगंज नगर पंचायत को अनुसूचित जाति महिला और लातेहार नगर पंचायत को अनुसूचित जनजाति अन्य के लिए आरक्षित किया गया है. इसी तरह नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए गढ़वा को अनारक्षित अन्य, विश्रामपुर को अनारक्षित महिला, चतरा को अनारक्षित अन्य और झुमरी तिलैया को पिछड़ा वर्ग दो अन्य के लिए आरक्षित किया गया है.
निकाय चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति काफी हद तक खत्म
आरक्षण अधिसूचना जारी होने के साथ ही झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति काफी हद तक खत्म हो गई है. लंबे समय से लंबित चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचते दिख रहे हैं. आरक्षण की स्थिति साफ होने से राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की तैयारियां तेज होंगी और आने वाले दिनों में शहरी राजनीति में गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है.