Ranchi News: झारखंड हाई कोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है.जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाल लिया. उनके शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में किया गया, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
शपथ लेने से एक दिन पहले गुरुवार को जस्टिस सोनक रांची पहुंचे थे. उनके आगमन पर झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था. उन्होंने गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की.इसके बाद धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी की पढ़ाई की और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की. इसके अलावा उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी किया है.
उन्होंने अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया. अपने वकालती करियर के दौरान उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में सिविल, संवैधानिक, श्रम, सेवा, पर्यावरण, वाणिज्यिक, कर और कंपनी कानून से जुड़े मामलों में व्यापक अनुभव अर्जित किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ कई सरकारी और निजी संस्थानों को कानूनी सलाह भी दी.
उनकी योग्यता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. अब जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे.