Ranchi: कांके रोड स्थित सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल, गांधीनगर में आम लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को एक निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा और इसमें हृदय रोग से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच की जाएगी।
इस विशेष शिविर में मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली से पधारे देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव राठी, जो कि सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट हैं, मरीजों की जांच करेंगे और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान करेंगे। हृदय से जुड़ी बीमारियों, जैसे सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, हाई ब्लड प्रेशर, धड़कन की अनियमितता या पहले से चल रहे हृदय उपचार से संबंधित किसी भी समस्या से ग्रसित मरीज इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं।
पहले से कराई गई जांच रिपोर्ट साथ लाएं
शिविर में आने वाले मरीजों से अनुरोध किया गया है कि यदि उनके पास पहले से कराई गई जांच रिपोर्ट, दवाइयों की पर्ची या इलाज से जुड़े अन्य कागजात उपलब्ध हों, तो वे उन्हें साथ लेकर आएं, जिससे डॉक्टर सही और प्रभावी सलाह दे सकें।
समय रहते सही उपचार मिल सके
सीसीएल द्वारा समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित और अनुभवी चिकित्सकों को आमंत्रित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि जरूरतमंद और आम लोगों को गंभीर बीमारियों के आधुनिक इलाज और विशेषज्ञ सलाह की सुविधा उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जा सके, ताकि वे समय रहते सही उपचार प्राप्त कर सकें।