Jamshedpur: जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में इन दिनों प्रदूषण ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते धूल और प्रदूषण के कारण स्थानीय निवासी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसी को लेकर सोमवार को बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने बर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा मैदान में पहुंचकर टाटा स्टील प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी की लापरवाही के चलते इलाके में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। समिति की मांग है कि क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाया जाए, सड़क का चौड़ीकरण किया जाए, पार्किंग व्यवस्था को सीमित और सुव्यवस्थित किया जाए तथा दुर्गा पूजा मैदान में पेवर ब्लॉक लगाए जाएं, जिससे उड़ती धूल पर नियंत्रण पाया जा सके।
बस्ती संघर्ष समिति ने किया विरोध
इस संबंध में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन की टीम हाल ही में एक बार फिर दुर्गा पूजा मैदान पहुंची थी, जिसका स्थानीय बस्ती संघर्ष समिति ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है।
आम लोगों को हो रही भारी परेशानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियों समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। दुर्गा पूजा मैदान में अव्यवस्थित पार्किंग के चलते मिट्टी की धूल उड़ती रहती है, जिससे आसपास का पूरा इलाका प्रदूषण की चपेट में आ गया है। इसके अलावा भारी वाहनों की आवाजाही से बर्मामाइंस क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं
बस्ती संघर्ष समिति का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार टाटा स्टील प्रबंधन और जिला प्रशासन को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।